जालंधर में ताला तोड़कर स्वीट शॉप में चोरी, अंदर बिखरा था सामान, दुकानदारों ने पुलिस से मांगी सुरक्षा
गल्ले में रखा कैश और अन्य सामान लेकर फरार हो गए
रोजाना की तरह सोमवार रात 10 बजे दुकान बंद की थी
मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे शटर का ताला टूटे देखा
बाजार के लोगों ने पुलिस से वहां गश्त बढ़ाने की मांग की
जालंधर :
जालंधर की घास मंडी चौक स्थित कुमार स्वीट शॉप में चोरी हो गई। चोर दुकान के ताले तोड़कर गल्ले में रखा कैश और अन्य सामान लेकर फरार हो गए। चोरी का पता सुबह दुकान खोलने पहुंचे कर्मचारी को चला, जिसके बाद उसने तुरंत दुकान मालिक को सूचना दी। शॉाप मालिक राजेश शर्मा ने बताया कि उन्होंने रोजाना की तरह सोमवार रात करीब 10 बजे दुकान बंद की थी। मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे जब कर्मचारी दुकान खोलने पहुंचा तो उसने शटर के ताले टूटे हुए देखे।
चोरों नें 25 से 30 नकद उड़ाए
राजेश शर्मा के मौके पर पहुंचने के बाद पता चला कि दुकान का गल्ला जमीन पर गिरा हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर सामने आया कि चोर गल्ले में रखी करीब 25 से 30 हजार रुपए की नकदी और कुछ अन्य सामान चोरी कर ले गए। इस घटना के बाद बाजार के लोगों ने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि गश्त बढ़ने से चोरों और लुटेरों में डर पैदा होगा और ऐसी वारदातों में कमी आएगी।
पुलिस सीसीटीवी खंगाल रही
थाना पांच के जांच अधिकारी एएसआई बलविंदर कुमार ने बताया कि उन्हें कंट्रोल रूम के माध्यम से चोरी की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।