राजस्थान के श्रीगंगानगर में आयोजित अपने लाइव म्यूजिक कॉन्सर्ट
भीड़ में रो रहे बच्चे को देखकर यह कार्यक्रम रोकने का निर्देश दिया
म्यूजिक बंद होने से कुछ पल के लिए पूरे आयोजन स्थल पर सन्नाटा
सुरक्षा कर्मियों ने बच्चा सुरक्षित निकाला और मुख्य मंच पर ले आए
नई दिल्ली
मशहूर पंजाबी गायक और अभिनेता परमीश वर्मा ने राजस्थान के श्रीगंगानगर में आयोजित अपने लाइव म्यूजिक कॉन्सर्ट के दौरान मानवता और जिम्मेदारी की मिसाल पेश की। कार्यक्रम के बीच भीड़ में एक छोटा बच्चा रोता हुआ दिखाई देने पर उन्होंने तुरंत अपनी परफॉर्मेंस और म्यूजिक रुकवा दिया। कॉन्सर्ट के दौरान हुई यह घटना और परमीश वर्मा की प्रतिक्रिया का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग बच्चे की सुरक्षा को प्राथमिकता देने और जिम्मेदार संदेश देने के लिए सिंगर की सराहना कर रहे हैं।
भीड़ के बीच अकेला मिला मासूम
कॉन्सर्ट के दौरान हजारों दर्शक गानों का आनंद ले रहे थे, तभी परमीश वर्मा की नजर भीड़ में रो रहे एक बच्चे पर पड़ी। बच्चे को देखकर उन्होंने तुरंत कार्यक्रम रोकने का निर्देश दिया। अचानक म्यूजिक बंद होने से कुछ पल के लिए पूरे आयोजन स्थल पर सन्नाटा छा गया। इसके बाद सुरक्षा कर्मियों ने बच्चे को सुरक्षित भीड़ से बाहर निकाला और मुख्य मंच पर ले आए। स्टेज पर पहुंचने के बाद परमीश ने बच्चे को संभाला और उसके माता-पिता के बारे में जानकारी मांगी।
मां से पूछा- बच्चा छोड़कर कहां थीं आप?
जब परमीश ने मंच से बच्चे के अभिभावकों के बारे में पूछा तो एक महिला सामने आई और बच्चे को अपना बताया। बताया गया कि महिला कार्यक्रम के दौरान फोटो खींचने और परमीश की परफॉर्मेंस की रील बनाने में व्यस्त थी, जबकि बच्चा भीड़ के बीच अकेला रह गया था। इस पर परमीश ने नाराजगी जाहिर करते हुए महिला से पूछा कि अगर बच्चा उसका है तो वह उसे छोड़कर कहां थी। उन्होंने अभिभावकों से कहा कि बच्चों की सुरक्षा सबसे पहली प्राथमिकता होनी चाहिए।
स्टेज से दी जिम्मेदार पेरेंटिंग की सीख
घटना के बाद बाउंसरों की मदद से बच्चे को सुरक्षित उसके परिवार के हवाले कर दिया गया। हालांकि, इसके बाद भी परमीश वर्मा ने मंच से लोगों को बच्चों के प्रति लापरवाही न बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मनोरंजन, फोटो और सोशल मीडिया रील्स के चक्कर में बच्चों की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाना चाहिए। बच्चा कोई फोटो खिंचवाने का साधन नहीं है और अभिभावकों को भीड़भाड़ वाले आयोजनों में विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।