अंधेरा और खाई की गहराई के कारण राहत एवं बचाव कार्य में कठिनाई
एक ही गांव के तीन सगे भाइयों समेत सभी सात लोगों की मौके पर मौत
बोलेरो में सवार सभी ग्राम पंचायत महल के सपरोठ गांव के निवासी थे
एक मुंडन संस्कार समारोह में शामिल होने के बाद अपने घर लौट रहे थे
चंबा
हिमाचल प्रदेश के चंबा में चुराह उपमंडल के पुखरी-मसरूंड मार्ग पर देर रात एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में एक ही गांव के तीन सगे भाइयों समेत सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। अंधेरा और खाई की गहराई के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। पुलिस ने मामला दर्ज कर कारणों की जांच शुरू कर दी है।
कई घंटों की मशक्कत के बाद शव निकाले
कई घंटों की मशक्कत के बाद सभी शवों को खाई से बाहर निकाला गया। बोलेरो में सवार सभी लोग ग्राम पंचायत महल के सपरोठ गांव के निवासी थे। इनमें तीन महिलाएं, तीन पुरुष और एक चालक शामिल था। सभी लोग काकड़ोथा गांव में आयोजित एक मुंडन संस्कार समारोह में शामिल होने के बाद अपने घर लौट रहे थे।
किसी भी व्यक्ति को बचाया नहीं जा सका
रात करीब दो बजे छतरूंड के पास वाहन अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया और सड़क से नीचे गहरी खाई में लुढ़क गया। हादसा इतना भयावह था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और सवार किसी भी व्यक्ति को बचाया नहीं जा सका।
हादसे के बाद सपरोठ गांव में शोक की लहर
एडिशनल एसपी चंबा दिनेश कुमार ने बताया कि सभी शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए पंडित जवाहरलाल नेहरू गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज, चंबा भेज दिया गया है। इस हादसे के बाद सपरोठ गांव में शोक की लहर है। एक ही परिवार और गांव के कई लोगों की मौत से पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है।