पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की जब दोनों को चंडीगढ़ लाया जा रहा था
कथित तौर पर पुलिसकर्मी की पिस्टल छीन ली और फरार होने का प्रयास किया
आरोप है दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, पुलिस ने जवाब में गोलियां चलाईं
गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों के नाम से कथित ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल
चंडीगढ़
चंडीगढ़ के सेक्टर-11 स्थित श्री कुमार मेडिकल स्टोर के कैशियर जानकी दास हत्याकांड के दो आरोपियों का पुलिस के साथ एनकाउंटर हो गया। पुलिस के अनुसार, जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को आज सुबह चंडीगढ़ लाया जा रहा था, तभी उन्होंने पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की। एनकाउंटर में सन्नी मेहरा के दोनों पैरों में दो गोलियां लगीं, जबकि आर्यन के पैर में एक गोली लगी। घायल दोनों आरोपियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस टीम पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई भी
जानकारी के मुताबिक, सेक्टर-25 के जंगल क्षेत्र के पास पुलिस वाहन एक पेड़ से टकरा गया। इसी दौरान आरोपी सन्नी मेहरा और आर्यन ने कथित तौर पर एक पुलिसकर्मी की पिस्टल छीन ली और फरार होने का प्रयास किया। आरोप है कि दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग भी की, जिसके जवाब में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गोलियां चलाईं। वहीं, पुलिस वाहन के ड्राइवर को भी गर्दन में चोट आई है। घटना के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल
इस ऑपरेशन का नेतृत्व ऑपरेशन सेल के इंस्पेक्टर हरिंदर और क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर नरेंद्र पटेल ने किया। उधर, आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों के नाम से एक कथित ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऑडियो में आरोपियों को नुकसान पहुंचाने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।