Pollution in the capital increased

दिवाली से पहले ही राजधानी का प्रदूषण बढ़ा

Written by:

Nischal Nayyar

Last Updated: October 17 2025 12:40:43 PM

दिवाली से पहले ही राजधानी का प्रदूषण बढ़ा, पर्यावरण मंत्री का बड़ा ऐलान, दिल्ली सरकार करवाएगी कृत्रिम बारिश

दिवाली से पहले ही राजधानी का प्रदूषण बढ़ा

आनंद विहार, नॉर्थ कैंपस, मथुरा रोड, द्वारका और वजीरपुर में प्रदूषण का स्तर खतरनाक 

प्रदूषण से निपटने के लिए चुनिंदा इलाकों में दिवाली के ठीक एक दिन बाद कृत्रिम बारिश 

क्लाउड सीडिंग की तैयारियां पूरी, दो पायलट इसके लिए चार दिन तक ट्रेनिंग भी ले चुके हैं

क्लाउड सीडिंग को प्रदूषण से निपटने के लिए एक नया और प्रभावी तरीका माना जा रहा है

नेशनल डेस्क

दिवाली से पहले ही देश की राजधानी दिल्ली की हवा जहरीली होने लगी है। बुधवार को दिल्ली के पांच प्रमुख सेंटरों आनंद विहार, नॉर्थ कैंपस, मथुरा रोड, द्वारका और वजीरपुर में प्रदूषण का स्तर (AQI) 300 के खतरनाक स्तर को पार कर गया। तेजी से बिगड़ते प्रदूषण को देखते हुए पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बड़ा ऐलान किया है कि दिल्ली में ‘क्लाउड सीडिंग’ यानी कृत्रिम बारिश कराने की पूरी तैयारी कर ली गई है।

दिवाली के बाद होगी कृत्रिम बारिश

पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बताया कि बढ़ते प्रदूषण से निपटने के लिए चुनिंदा इलाकों में दिवाली के ठीक एक दिन बाद कृत्रिम बारिश कराई जा सकती है। उन्होंने कहा कि मौसम विभाग की अगले 2-3 दिनों में हरी झंडी मिलने का इंतजार है। इसके बाद ब्लास्टिंग/स्प्रे के माध्यम से क्लाउड सीडिंग का सैंपल लिया जाएगा।

दो पायलट ले चुके 4 दिन तक ट्रेनिंग

सिरसा ने स्पष्ट किया कि क्लाउड सीडिंग के लिए सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। दो पायलट इसके लिए चार दिन तक ट्रेनिंग भी ले चुके हैं। उन्होंने कहा कि हम जल्द बादलों के छाने का इंतजार कर रहे हैं ताकि एक प्लेन भेजकर काम शुरू किया जा सके। 

प्रदूषण से निपटने का नया फार्मूला

कृत्रिम बारिश होने के बाद मात्र 3 घंटे में इसका असर नजर आने लगेगा और प्रदूषण में कमी आएगी। क्लाउड सीडिंग को प्रदूषण से निपटने के लिए एक नया और प्रभावी तरीका माना जा रहा है। दिल्ली सरकार ने तकनीक के इस्तेमाल से हवा में मौजूद जहरीले कणों को नीचे बिठाकर प्रदूषण को कम करने की उम्मीद जताई है।

Related to this topic: