चेहरे कपड़ों से ढके हुए थे और उनके हाथों में पिस्टल थी
वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार
नशा और जुएं का काम करने से रोका तो पाल ली रंजिश
घर में घुसे बदमाशों ने गुरजीत कौर पर सीधे गोली चलाई
जालंधर
जालंधर के शाहकोट के मंड गांव में दिनदहाड़े नकाबपोश हमलावरों ने एक घर में ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दी। इस घटना में गुरजीत कौर नाम की महिला को गोली लग गई और वह बुरी तरह से घायल हो गई। हमलावरों ने अपने चेहरे कपड़ों से ढके हुए थे और उनके हाथों में पिस्टल थी। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
परिवार को अंदाजा नहीं था, हमला कर देंगे
बुचान कौर ने बताया कि घर के पास ही कुछ लोग नशा और जुएं का काम करते हैं। जब हमारे परिवार ने ऐसा करने से मना किया और रोका तो वे रंजिश पालनी शुरू कर दी। यह लोग पिछले काफी समय से परिवार को जान से मारने की धमकियां दे रहे थे। परिवार को अंदाजा नहीं था कि वे इस तरह जानलेवा हमला कर देंगे।
वारदात के समय पूरा परिवार मौजूद था
उन्होंने आगे बताया कि आज जब परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर मौजूद थे, तभी बाइक सवार तीन हथियारबंद आए और उन्होंने घर पर गोलियां चलानी शुरू कर दी।तीन बदमाशों में से दो पिस्टल लहराते घर के अंदर घुस गए, जबकि उनका तीसरा बाहर बाइक स्टार्ट करके खड़ा रहा ताकि वारदात के बाद तुरंत भागा जा सके।
रसोई में काम कर रही बेटी को लगी गोली
इसी दौरान बुचान कौर की बेटी गुरजीत कौर जो कि अपनी मां के घर आई हुई थी, रसोई में काम कर रही थी। बाहर शोर सुनकर वह जैसे ही भागकर आंगन की तरफ आई, घर में घुसे बदमाशों ने उस पर सीधे गोली चला दी। गोली गुरजीत कौर की दाहिनी टांग में लगी, जिससे वह खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ी।