कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा ने दिया इस्तीफा, कहा- अब जनता की सेवा करना पहली जिम्मेदारी
पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ जनहित में कार्य करूंगा
हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड समेत कुल 8 कंपनियां शामिल
कॉर्पोरेट कार्यों से खुद को अलग कर रहे, सकारात्मक संदेश है
पूरी निष्ठा और समर्पण की मांग करती हैं पद की जिम्मेदारियां
चंडीगढ़ :
पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा ने रविवार को बड़ा फैसला लेते हुए अपनी सभी आठ कंपनियों के प्रबंध निदेशक (MD) पद से इस्तीफा देने की घोषणा कर दी है। अरोड़ा ने कहा, "मैंने हमेशा समाज सेवा को प्राथमिकता दी है। अब जनता ने जो विश्वास मुझ पर जताया है, उसके अनुरूप पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ जनहित में कार्य करूंगा।"
औपचारिक इस्तीफा
संजीव अरोड़ा ने अपनी कंपनियों के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स को सूचित किया कि वह 3 अगस्त 2025 से एमडी पद से औपचारिक रूप से इस्तीफा दे रहे हैं। इस्तीफा देने वाली कंपनियों में हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड समेत कुल 8 कंपनियां शामिल हैं।
सकारात्मक संदेश
अरोड़ा ने कहा कि अब उनकी पहली और सबसे बड़ी जिम्मेदारी जनता की सेवा करना है, इसलिए वह कॉर्पोरेट कार्यों से खुद को अलग कर रहे हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि संजीव अरोड़ा का यह कदम राजनीतिक शुचिता और पारदर्शिता की दिशा में एक सकारात्मक संदेश है।
क्यों दिया इस्तीफा?
अरोड़ा ने अपने इस्तीफे में लिखा है कि 3 जुलाई 2025 को पंजाब के राज्यपाल कि तरफ से उन्हें कैबिनेट मंत्री के रूप में नियुक्त किया गया है। इस महत्वपूर्ण सार्वजनिक पद की जिम्मेदारियां अब उनकी पूरी निष्ठा और समर्पण की मांग करती हैं। अब वे अपनी पूर्व भूमिका को निभा पाना संभव नहीं समझते।