इंग्लैंड में पंजाब की छात्रा की ह/त्या, परिवार ने 2 साल पहले जमीन बेचकर भेजा था विदेश
पढ़ाई पूरी करने के बाद किरनदीप को वर्क परमिट मिल गया था
घटना के बाद आया एक वीडियो, चाकू लिए दिखाई दे रहा आरोपी
उसकी मौत की खबर ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया
माता-पिता ने बेटी का पार्थिव शरीर जल्द भारत लाने की अपील की
तरनतारन
पंजाब के तरनतारन जिले की रहने वाली 24 साल की किरनदीप कौर की इंग्लैंड में हत्या कर दी गई। वह करीब दो साल पहले स्टूडेंट वीजा पर उच्च शिक्षा के लिए इंग्लैंड गई थीं। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्हें वर्क परमिट मिल गया था और वह वहीं नौकरी कर रही थीं। घटना की सूचना मिलने के बाद ब्रिटिश पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।
अपने कमरे में सो रही थीं किरनदीप
बताया जा रहा है कि रविवार सुबह किरनदीप अपने कमरे में सो रही थीं। इसी दौरान एक अज्ञात हमलावर कमरे में घुसा और धारदार हथियार से उन पर कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह हाथ में चाकू लिए जाता दिखाई दे रहा है।
परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया
किरनदीप के पिता सुखदेव सिंह ने बताया कि बेटी का भविष्य बेहतर बनाने के लिए परिवार ने अपनी जमीन तक बेच दी थी, ताकि उसे इंग्लैंड पढ़ने भेजा जा सके। परिवार को उम्मीद थी कि वह अच्छी शिक्षा हासिल कर बेहतर जीवन बनाएगी, लेकिन उसकी मौत की खबर ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
पार्थिव शरीर भारत लाने की अपील
किरनदीप के माता-पिता ने भारत सरकार और विदेश मंत्रालय से उनकी बेटी का पार्थिव शरीर जल्द भारत लाने की अपील की, ताकि अंतिम संस्कार पैतृक गांव में किया जा सके। उधर, ब्रिटिश पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है, जबकि गांव के लोगों ने दोषी की जल्द गिरफ्तारी और परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।