पंजाब बंद का जालंधर में असर, स्कूल समेत कई बाजार बंद ; पुलिस अलर्ट पर
शहर के शेखां बाजार, किशनपुरा समेत कई इलाकों में बंद रखे अपने प्रतिष्ठान
कई निजी स्कूलों ने छुट्टी घोषित कर दी और बच्चों की ऑनलाइन क्लास लगी
भगवान वाल्मीकि चौक पर वाल्मीकि समाज का शांतिपूर्ण प्रदर्शन होगा : SP
वहीं जब तक दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं होती, उनका विरोध जारी रहेगा
बरनाला :
बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में वाल्मीकि संगठनों द्वारा बुलाए गए पंजाब बंद का असर रविवार को जालंधर में भी देखने को मिला। शहर के शेखां बाजार, किशनपुरा समेत कई इलाकों में दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। बंद को देखते हुए जालंधर के कई निजी स्कूलों ने भी छुट्टी घोषित कर दी और बच्चों की ऑनलाइन क्लास लगाई गई।
पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने शहर के प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी है। एसपी आकृषि जैन ने बताया कि भगवान वाल्मीकि चौक (ज्योति चौक) पर वाल्मीकि समाज का शांतिपूर्ण प्रदर्शन होगा। इसके लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
आंदोलन का शांतिपूर्ण समर्थन
वाल्मीकि संगठनों का कहना है कि उनकी मुख्य मांग बरनाला लाठीचार्ज मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई है। उन्होंने लोगों से आंदोलन का शांतिपूर्ण समर्थन करने की अपील की है।
पुलिस ने कथित लाठीचार्ज किया
गौरतलब है कि 22 जुलाई को बरनाला में अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों पर पुलिस ने कथित लाठीचार्ज किया था। इस मामले में सरकार ने बरनाला के डीएसपी को निलंबित कर दिया है, लेकिन वाल्मीकि समाज का कहना है कि जब तक दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं होती, उनका विरोध जारी रहेगा।