बारिश के बीच लुधियाना को सीएम मान ने दी सौगात, लोहारा स्कूल में ‘वर्धमान ब्लॉक’ का किया उद्घाटन
शिक्षकों और स्कूली बच्चों के बीच खासा उत्साह दिखा
वहीं यह नया ब्लॉक कई आधुनिक सुविधाओं से लैस है
हवादार व शानदार क्लास में बैठने का मौका मिलेगा
उद्घाटन के बाद सीएम ने स्कूल का जायजा भी लिया
लुधियाना :
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान भारी बारिश के बीच लोहारा स्थित सरकारी प्राइमरी स्कूल पहुंचे, जहां उन्होंने लुधियाना वासियों को शिक्षा के क्षेत्र में एक अहम सौगात दी। खराब मौसम और बारिश की परवाह किए बिना सीएम मान ने जिले के नवनिर्मित ‘वर्धमान ब्लॉक’ का विधिवत उद्घाटन किया। यह कदम पंजाब सरकार के उस अभियान का हिस्सा है, जिसके तहत राज्य के सरकारी स्कूलों का कायाकल्प कर उन्हें ‘स्कूल ऑफ एमिनेंस’ की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है। सोमवार को बारिश होने के बावजूद कार्यक्रम को टाला नहीं गया। सीएम भगवंत मान पूरे तय समय के मुताबिक कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। बारिश के बावजूद वहां मौजूद स्थानीय लोगों, शिक्षकों और स्कूली बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।
सीएम मान गाड़ी में बैठकर पहुंचे
लोहारा के सरकारी प्राइमरी स्कूल में तैयार हुआ यह नया ब्लॉक कई आधुनिक सुविधाओं से लैस है। बच्चों को अब जमीन पर या जर्जर कमरों में नहीं, बल्कि हवादार और शानदार क्लासरूम में बैठने का मौका मिलेगा। स्कूल में लंबे समय से नए कमरों की जरूरत थी, जो अब इस ब्लॉक के बनने से पूरी हो गई है। इस नए इंफ्रास्ट्रक्चर से सरकारी स्कूल के बच्चों को भी प्राइवेट स्कूलों जैसी आधुनिक शिक्षा और शानदार माहौल मिल सकेगा।
प्रशासन को करनी पड़ी मशक्कत
बारिश की वजह से लुधियाना पुलिस और जिला प्रशासन को व्यवस्था संभालने में थोड़ी अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ी। कार्यक्रम स्थल पर चप्पे-चप्पे पर भारी पुलिस बल तैनात रहा और ट्रैफिक पुलिस ने भी बारिश के बीच सीएम के काफिले और आम जनता के लिए रूट को सुचारू रखा। उद्घाटन के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारियों और स्थानीय विधायकों की मौजूदगी में सीएम ने स्कूल परिसर का जायजा भी लिया।