नशा तस्करों पर बड़ा एक्शन : हेरोइन सप्लायर महिला पर कार्रवाई, सरकारी जमीन से हटाया कब्जा
धोबियाना बस्ती में सरकारी जमीन पर किया अवैध कब्जा हटाया है
महिला तस्कर मनजीत कौर उर्फ बीरा के खिलाफ 10 मामले दर्ज हैं
हेरोइन की सप्लाई के नेटवर्क से जुड़ी हुई थी मनजीत कौर उर्फ बीरा
अवैध गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा
बठिंडा
बठिंडा पुलिस ने सिविल प्रशासन के सहयोग से नशा तस्करों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। अभियान के तहत हजारों आरोपियों पर कार्रवाई जारी है। पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए धोबियाना बस्ती में महिला तस्कर मनजीत कौर उर्फ बीरा का सरकारी जमीन पर किया गया अवैध कब्जा हटाया। एसपी सिटी नरिंदर सिंह ने बताया कि मनजीत कौर उर्फ बीरा, पत्नी चरणजीत सिंह के खिलाफ नशा तस्करी से जुड़े 10 मामले दर्ज हैं। इनमें से 9 केस थाना सिविल लाइन में दर्ज हैं। पुलिस जांच के अनुसार, वह हेरोइन की सप्लाई के नेटवर्क से जुड़ी हुई थी, जिसके चलते यह कार्रवाई की गई।
सरकारी जमीन कराई खाली
पुलिस के मुताबिक, पंजाब सरकार की 'युद्ध नशा विरुद्ध मुहिम' के तहत अब तक 2,880 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं, जबकि 4,661 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। इसके अलावा, पुलिस ने 108 ऐसे आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है, जिनके पास से व्यावसायिक मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद हुए थे।
पुलिस चलाएगी यह अभियान
वहीं, 90 आरोपियों की करोड़ों की संपत्तियां भी जब्त (फ्रीज) की जा चुकी हैं। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करों के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा और अवैध गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।