सतलुज फिल्म हटाए जाने से सिख संगठन नाराज़, मांगपत्र सौंपकर दोबारा रिलीज की मांग की
जालंधर में एडीसी अमनिंदर कौर बराड़ को मांग पत्र सौंपा गया
फिल्म सतलुज पर बिना स्पष्ट कारण बताए प्रतिबंध लगाया गया
प्रतिबंध हटाकर दोबारा ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज की मांग
जसवंत खालड़ा हत्याकांड : दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
जालंधर
पंजाब में सतलुज को लेकर मामला थमने का नाम नहीं ले रहा। ओटीटी प्लेटफार्म पर 2 दिन फिल्म रिलीज होने के बाद हटाए जाने के बाद कई सिख संगठन नाराज हो गए हैं। इसी को लेकर विभिन्न सिख संगठनों ने जालंधर में एडीसी अमनिंदर कौर बराड़ को मांग पत्र सौंपकर फिल्म की रिलीज की मांग की है। सिख संगठनों ने कहा कि मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालड़ा के जीवन और उनके कार्यों पर आधारित फिल्म सतलुज पर बिना स्पष्ट कारण बताए प्रतिबंध लगा दिया गया है, जिससे सिख समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। सरकार से फिल्म पर लगाया गया प्रतिबंध हटाकर इसे दोबारा रिलीज करने की मांग की।
सरकार के सामने 3 प्रमुख मांगे भी रखी गईं
शिरोमणि अकाली दल (पुनर-सुरजीत) के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक गुरप्रताप सिंह वडाला ने बताया कि मांगपत्र में पहली मांग बंदी सिंहों की तत्काल रिहाई की गई है। दूसरी मांग फिल्म ‘सतलुज’ पर लगे प्रतिबंध को हटाकर उसे दोबारा ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज करने की है। वहीं तीसरी मांग जसवंत सिंह खालड़ा हत्याकांड के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की रखी गई है।
संयुक्त रूप से इन संगठनों ने सौंपा मांगपत्र
संयुक्त रूप से मांगपत्र देने वालों में शिरोमणि अकाली दल (पुनर-सुरजीत), इंटरनेशनल पंथक दल, यूनाइटेड अकाली दल, बेगमपुरा खालसा राज पार्टी और पंथक आजाद ग्रुप के प्रतिनिधि शामिल रहे। संगठनों ने कहा कि उन्हें मौजूदा सरकार से उम्मीद है कि वह सिख समुदाय से जुड़े लंबित मामलों में न्याय सुनिश्चित करेगी और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करेगी।