जालंधर पुलिस का बड़ा बयान आया सामने, कहा-ऐसी कोई घटना नहीं हुई है
वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आस-पास के इलाकों की जांच की : एडीसीपी
किसी तरह की फायरिंग के सबूत नहीं मिले, न गोली का खोल बरामद हुआ है
पुलिस की लोगों से अपील-वे बिना पुष्टि के किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें
जालंधर
जालंधर में सूफी सिंगर ज्योति नूरां के घर पर फायरिंग मामले को लेकर पुलिस का बड़ा बयान सामने आया है। पुलिस ने मीडिया में चल रही खबरों को अफवाह बताया। पुलिस ने कहा कि इस तरह की कोई घटना नहीं हुई है। एडीसीपी आकर्षि जैन ने बताया कि पुलिस जांच में फायरिंग की कोई घटना सामने नहीं आई है।
न ही किसी की संपत्ति को नुकसान पहुंचा
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आस-पास के इलाकों की जांच की पर किसी भी तरह की फायरिंग करने के सबूत नहीं मिले हैं। न तो घटनास्थल से कोई गोली का खोल बरामद हुआ है और न ही किसी की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है।
फोन कॉल पर घटना की जानकारी मिली थी
उन्होंने आगे बताया कि हमें फोन कॉल पर घटना के बारे में जानकारी मिली थी। जांच के बाद हमारी लोगों से अपील है कि वे बिना पुष्टि के किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें और सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें साझा करने से बचें।