पायलट ने गलती से पास वाले रनवे 29R पर लैंडिंग कर दी
नेशनल डेस्क
दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक बड़ा हादसा टल गया। अफगान एयरलाइंस की फ्लाइट गलत रनवे (29R) पर उतर गई। सौभाग्य से रनवे खाली था। नहीं तो बड़ी घटना घट सकती थी। इस गंभीर गड़बड़ी की विस्तृत जांच शुरू हो गयी है। इस घटना की रिपोर्ट अफगान विमानन अधिकारियों को भी भेजी जाएगी। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। सौभाग्य से उस समय वहां कोई विमान टेकऑफ़ के लिए मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
बड़ी लापरवाही होते-होते बची
रविवार दोपहर 12:06 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पर बड़ी लापरवाही होते-होते बची। काबुल से आ रही एरियाना एयरलाइंस की फ्लाइट FG 311 को रनवे 29 लेफ्ट (29L) पर उतरने की अनुमति दी गई थी, लेकिन पायलट ने गलती से पास वाले रनवे 29 राइट (29R) पर लैंडिंग कर दी। यह रनवे टेकऑफ़ के लिए इस्तेमाल होता है।
मामले की जांच की गई शुरू
इस घटना का खुलासा सोमवार सुबह हुआ। एयरपोर्ट अधिकारियों ने इसे “मिरेकल एस्केप” बताया। विमानन विभाग ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारी यह पता लगा रहे हैं कि गलती पायलट की थी या एटीसी (एयर ट्रैफिक कंट्रोल) की ओर से निर्देशों में कोई भ्रम था।