African football coach in Delhi threatened by BJP

दिल्ली में अफ्रीकी फुटबॉल कोच को BJP पार्षद की धमकी, वीडियो वायरल

Written by:

Nischal Nayyar

Last Updated: December 23 2025 06:46:02 PM

पटपड़गंज से BJP पार्षद रेनू चौधरी का वीडियो वायरल, अफ्रीकी फुटबॉल कोच को हिंदी सीखने की चेतावनी

दिल्ली में अफ्रीकी फुटबॉल कोच को bjp पार्षद की धमकी वीडियो वायरल

दिल्ली के पटपड़गंज वार्ड से बीजेपी पार्षद रेनू चौधरी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

वीडियो में पार्षद एक अफ्रीकी फुटबॉल कोच को एक महीने के भीतर हिंदी सीखने की चेतावनी देती नजर आ रही हैं।

वह कहती हैं कि यदि कोच ने हिंदी नहीं सीखी तो पार्क उनसे छीन लिया जाएगा।

जानकारी के अनुसार, संबंधित अफ्रीकी नागरिक पिछले करीब 15 वर्षों से उसी इलाके में रह रहा है। उसने दिल्ली नगर निगम से पार्क किराए पर लिया हुआ है, जहां वह बच्चों को फुटबॉल की कोचिंग देता है।

वीडियो में रेनू चौधरी को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि कोच अब तक हिंदी क्यों नहीं सीख पाया। वह कहती हैं,
“यहां का पैसा खा रहे हो तो हिंदी बोलना सीखो।”

वीडियो के दौरान जब वहां मौजूद कुछ लोग इस बात को मजाक में लेते हुए हंसते हैं, तो पार्षद साफ करती हैं कि यह कोई मजाक नहीं है और वह अपनी चेतावनी को लेकर पूरी तरह गंभीर हैं।

खास बात यह है कि यह वीडियो खुद पार्षद रेनू चौधरी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है, जिसके बाद इसे लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में बहस शुरू हो गई है। 

वीडियो वायरल होने के बाद पार्षद ने दी सफाई

height=168

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कई लोगों ने इसे धमकी और भेदभाव से जोड़कर देखा। बढ़ते विरोध के बीच बीजेपी पार्षद रेनू चौधरी ने एक वीडियो संदेश जारी कर अपनी सफाई पेश की।

रेनू चौधरी ने कहा कि उनका इरादा किसी को डराने या अपमानित करने का नहीं था। उन्होंने स्पष्ट किया कि संबंधित पार्क दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के अधीन है और वहां किसी भी तरह की व्यावसायिक गतिविधि के लिए निर्धारित शुल्क देना अनिवार्य है।

‘अधिकारियों से बातचीत में आ रही थी परेशानी’

पार्षद के अनुसार, उन्होंने करीब आठ महीने पहले भी अफ्रीकी फुटबॉल कोच से एमसीडी को राजस्व (रेवेन्यू) देने को लेकर बात की थी, लेकिन हिंदी न आने के कारण एमसीडी अधिकारियों को उससे संवाद करने में दिक्कत हो रही थी।

रेनू चौधरी ने दावा किया कि इसी वजह से उन्होंने कोच को बुनियादी हिंदी सीखने की सलाह दी थी। उन्होंने कहा,
“मैंने खुद उससे कहा था कि वह थोड़ी-बहुत हिंदी सीख ले, ताकि बातचीत में कोई समस्या न हो।”

पार्षद ने यह भी कहा कि उन्होंने कोच के लिए हिंदी ट्यूटर का इंतजाम कराने और उसकी फीस खुद देने की पेशकश की थी, लेकिन इस पर कोच ने कोई ध्यान नहीं दिया।

पहले भी धमकी वाले वीडियो सामने आ चुके हैं

बीजेपी पार्षद रेनू चौधरी सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती हैं और इससे पहले भी कई वीडियो पोस्ट कर चुकी हैं। इन वीडियो में वह अधिकारियों और आम नागरिकों से सख्त लहजे में बात करती और नगर निगम की कार्रवाई की धमकी देती नजर आती हैं।

सूत्रों के मुताबिक, ऐसे वीडियो पहले भी सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके हैं, जिसके चलते वह अक्सर चर्चा में बनी रहती हैं। इन घटनाओं को लेकर सोशल मीडिया पर उन्हें लेकर लगातार विवाद और आलोचना भी देखने को मिलती रही है।

 

Related to this topic: