देशभर में भारी बारिश का असर : दिल्ली से उत्तराखंड तक हालात बिगड़े, चारधाम यात्रा 2 दिन के लिए स्थगित
दिल्ली में 50 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज की, जिससे कई इलाकों में जलभराव
सड़कें पानी में डूबीं, 36 पेड़ गिर गए और वाटरलॉगिंग की 136 शिकायतें दर्ज
चंपावत, बागेश्वर और टिहरी जिलों में स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में की छुट्टी
आईएमडी ने लोगों से प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की
नई दिल्ली
देश के कई राज्यों में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। राजधानी दिल्ली में मंगलवार को 50 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज की गई, जिससे कई इलाकों में जलभराव हो गया। मेट्रो स्टेशन और सड़कें पानी में डूब गईं, 36 पेड़ गिर गए और वाटरलॉगिंग की 136 शिकायतें दर्ज की गईं। उधर, उत्तराखंड में भारी बारिश और भूस्खलन के चलते चारधाम यात्रा को दो दिनों के लिए रोक दिया गया है। चंपावत, बागेश्वर और टिहरी जिलों में 12वीं तक के सभी स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में छुट्टी घोषित कर दी है।
चारधाम यात्रा 2 दिन के लिए स्थगित
मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, एक साथ सक्रिय चार मानसूनी सिस्टम की वजह से दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश हुई। वहीं, गुजरात में लगातार बारिश और बाढ़ का असर उद्योगों पर भी देखने को मिला है। अहमदाबाद के पास स्थित टाटा मोटर्स के साणंद प्लांट और आसपास के कई सप्लायर की यूनिटों में पानी भरने से उत्पादन प्रभावित हुआ है। कंपनी ने बताया कि हालात सामान्य करने का काम शुरू कर दिया गया है।
अगले 4 से 5 दिनों तक भारी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र और अन्य सक्रिय मौसम प्रणालियों के कारण अगले 4 से 5 दिनों तक उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। आईएमडी ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, जलभराव वाले इलाकों से बचने और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।