'वादाखिलाफी बर्दाश्त नहीं', प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी का दावा कर भड़की CJP, एक दिन का अल्टीमेटम
दो दिन बाद ही फिर से प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी का दावा
महज वादा करने से विश्वसनीयता पैदा नहीं होती बल्कि उस वादे का सम्मान भी होना चाहिए
अगर कल तक एफआईआर वापस नहीं ली जाती तो आगे के कदम पर विचार किया जाएगा
जितने भी लोगों को हिरासत में लिया या फिर गिरफ्तार किया गया, तुरंत रिहा कर दिया जाए
नई दिल्ली :
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने आंदोलन खत्म करने के दो दिन बाद ही प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी का दावा करते हुए सरकार को फिर से धमकी दे डाली है। सीजेपी ने दावा किया है कि बीजेपी और एनडीए शासित प्रदेशों में प्रदर्शन करने वाले छात्रों को गिरफ्तार किया जा रहा है। युवा वादाखिलाफी बर्दाश्त नहीं करेगा। सौरव दास ने लिखा, सरकार को याद दिलाना चाहता हूं कि केवल वादा कर देने से विश्वसनीयता पैदा नहीं होती बल्कि उस वादे का सम्मान भी होना चाहिए। युवाओं से कहा, आप चिंता ना करें। हम आपके साथ हैं। अगर कल तक एफआईआर वापस नहीं ली जाती तो आगे के कदम पर विचार किया जाएगा।
स्थिति पर नजर बनाए है CJP
सीजेपी के प्रवक्ता सौरव दास ने सोशल मीडिया पर बयान जारी करते हुए कहा कि अलग-अलग राज्यों से छात्रों और प्रदर्शनकारियों को निशाना बनाए जाने, हिरासत में लिए जाने और गिरफ्तारी की खबरें आ रही हैं। सीजेपी स्थिति पर नजर बनाए है और खास तौर पर उन राज्यों में जहां एनडीए और बीजेपी की सरकार है, हमारी टीम ऐक्टिव है। हमारी यही मांग है कि जितने भी लोगों को हिरासत में लिया गया है या फिर गिरफ्तार किया गया है, तुरंत रिहा कर दिया जाए।
वादा पूरा करे सरकार - CJP
सीजेपी ने दावा किया कि असम, पश्चिम बंगाल और बिहार में खास तौर पर एजेंसियां प्रदर्शन करने वाले छात्रों को टारगेट कर रही हैं। उन्होंने कहा, 'सरकार के इस वादे के बाद कि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ सारी एफआईआर वापस ली जाएंगी और भविष्य में भी कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी, यह प्रदर्शन खत्म किया गया था।' हालांकि जो रिपोर्ट सामने आ रही हैं, वह चिंताजनक हैं। हमारी लीगल टीम संबंधित राज्यों में ऐक्टिव है और हिरासत में लिए गए लोगों को छुड़ाने की पूरी कोशिश कर रही है।
सीजेपी की लीगल टीम लगी
भारत सरकार, खास तौर पर जेपी नड्डा और जीतेंद्र सिंह जी से बात यही हुई थी कि प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ देश में कहीं भी ऐक्शन नहीं लिया जाएगा। 28 जुलाई को हमें लिखित में भी आश्वासन दिया गया। हमने सरकार के आश्वासन पर भरोसा करते हुए आंदोलन खत्म कर दिया। अब अगर सरकार अपने वादे से मुकरती है तो यह ना केवल कॉकरोच जनता पार्टी के साथ धोखा होगा बल्कि देश के लाखों युवाओं को ठगना होगा। इस तरह की वादा खिलाफी युवा बर्दाश्त नहीं करेंगे।