थाना सदर के बाहर सड़क जाम कर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन
चुनाव प्रभावित करने को अपहरण की साजिश : मालविका सूद
“लोकतंत्र की हत्या” बताते हुए चुनाव को तुरंत रद्द करने की मांग
कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मांग, अमनदीप को सुरक्षित बरामद करें
मोगा :
मोगा में ब्लॉक समिति के चेयरमैन चुनाव से पहले एक बड़ा विवाद सामने आया है। कांग्रेस पार्टी के ब्लॉक समिति सदस्य अमनदीप सांघा को कुछ अज्ञात कार सवारों ने गन प्वाइंट पर अगवा कर लिया। इस घटना के बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं में भारी रोष है और उन्होंने थाना सदर के बाहर सड़क जाम कर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। गुरुवार सुबह करीब 11 बजे ब्लॉक समिति के चेयरमैन का चुनाव होना था। अमनदीप सांघा अपने भाई जसवंत सिंह के साथ ऑल्टो कार में सवार होकर चुनाव में हिस्सा लेने के लिए मोगा के डीसी कार्यालय जा रहे थे। जब वे गांव घल्लकलां के पास पहुंचे तो 3-4 गाड़ियों में आए कुछ अज्ञात लोगों ने उनकी कार को घेर लिया और जबरन गाड़ी में बैठाकर फरार हो गए।
“लोकतंत्र की हत्या”
मोगा कांग्रेस की हलका इंचार्ज मालविका सूद ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के पास बहुमत नहीं है, इसलिए चेयरमैन चुनाव को प्रभावित करने के लिए उनके सदस्य का अपहरण करवाया गया है। उन्होंने इसे “लोकतंत्र की हत्या” बताते हुए आज होने वाले चुनाव को तुरंत रद्द करने की मांग की। वहीं, अमनदीप के भाई जसवंत सिंह ने भी पुष्टि की कि हथियारबंद लोगों ने उनकी गाड़ी को घेरकर उनके भाई का अपहरण किया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मांग की है कि चुनाव रद्द किए जाएं और अमनदीप सांघा को जल्द से जल्द सुरक्षित बरामद किया जाए।