जालंधर में आंगनबाड़ी वर्कर्स का धरना : कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत के आवास का घेराव, बोलीं-मानदेय काटा जा रहा
जिला, ब्लॉक और सेक्टर की बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुईं
बोलीं-पार्टी ने उनसे जो वादे किए थे, वे आज तक पूरे नहीं हुए हैं
दोगुना तो दूर, उन्हें मौजूदा मानदेय कटौती के साथ दिया जा रहा
बच्चों के लिए आने वाले राशन की गुणवत्ता पर उठे गंभीर सवाल
टेंडर व्यवस्था में कमीशनखोरी, बच्चों की सेहत पर हो रहा असर
जालंधर :
जालंधर में शुक्रवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर भड़कीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और हेल्पर्स ने पंजाब के कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत के अर्बन एस्टेट स्थित आवास का घेराव कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में जिला, ब्लॉक और सेक्टर स्तर के आंगनबाड़ी नेताओं के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुईं। इस दौरान पंजाब सरकार के खिलाफ जबरदस्त नारेबाजी की गई।
मानदेय दोगुना करने की गारंटी दी
आंगनवाड़ी वर्करों ने कहा कि सत्ता में आने से पहले आप ने उनसे जो वादे किए थे, वे आज तक पूरे नहीं हुए हैं। कार्यकर्ताओं ने साफ शब्दों में कहा कि चुनाव से पहले सरकार ने मानदेय (ऑनररियम) दोगुना करने की गारंटी दी थी, लेकिन दोगुना तो दूर, उन्हें मिलने वाला मौजूदा मानदेय भी कटौती के साथ दिया जा रहा है।
राशन की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल
इसके साथ ही राशन की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए। आरोप है कि सरकार ने राशन के टेंडर प्राइवेट कंपनियों को दे दिए हैं, जिसके बाद से सेंटरों में बेहद घटिया और निकम्मा राशन भेजा जा रहा है। वर्करों का आरोप है कि इस टेंडर व्यवस्था में भारी कमीशनखोरी चल रही है, जिसका सीधा असर बच्चों की सेहत पर पड़ रहा है।