वहीं, प्रणित मोरे ने भी सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर खेद जताया
कुछ टिप्पणियों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, इसके बाद विवाद
वीडियो में महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक और अशोभनीय टिप्पणियां
पुलिस ने दोनों को नोटिस जारी कर जांच में शामिल होने के निर्देश दिए हैं
गुरुग्राम
स्टैंड-अप कॉमेडियन प्रणित मोरे के शो में चर्चित हुए ‘370 रुपये की बिरयानी’ बयान को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। अब इस मामले में गुरुग्राम पुलिस ने भी कार्रवाई करते हुए कॉमेडियन प्रणित मोरे और हिमांशु जांगड़ा के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वहीं, प्रणित मोरे ने भी सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर खेद जताया। उन्होंने कहा कि क्राउड वर्क के दौरान मंच पर ऐसी टिप्पणियों को जगह मिल गई, जो नहीं मिलनी चाहिए थी। उन्होंने इससे आहत लोगों से माफी मांगते हुए इसे अपनी बड़ी चूक बताया। गौरतलब है कि इससे पहले महाराष्ट्र साइबर पुलिस भी अश्लील और आपत्तिजनक कंटेंट के प्रसार को लेकर प्रणित मोरे, हिमांशु जांगड़ा, एमबीबीएस छात्रा सेजल पवार और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर चुकी है।
कुछ टिप्पणियों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
दरअसल, शो के दौरान हिमांशु जांगड़ा ने एक डेटिंग अनुभव साझा करते हुए दावा किया था कि उन्होंने एक महिला को 370 रुपये की बिरयानी खिलाई थी। इस दौरान की गई कुछ टिप्पणियों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद विवाद खड़ा हो गया। पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो में महिलाओं के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक और अशोभनीय टिप्पणियां की गईं, जिससे उनकी गरिमा और सम्मान को ठेस पहुंची। यह कार्रवाई राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) की शिकायत मिलने के बाद की गई है।
डीएलएफ फेज-2 पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज
गुरुग्राम के डीएलएफ फेज-2 पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को नोटिस जारी कर जांच में शामिल होने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को भी विवादित वीडियो हटाने के लिए कानूनी नोटिस भेजे गए हैं। मामले की जांच गुरुग्राम पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर जारी है। इस बीच हिमांशु जांगड़ा ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो जारी कर सफाई दी है। शो के दौरान सुनाई गई कहानी का कुछ हिस्सा मनोरंजन के उद्देश्य से जोड़ा गया था। उन्होंने कुछ शब्दों के इस्तेमाल पर सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी।