पंजाब के कई जिलों में भारी बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट
अगले सात दिनों तक बारिश होने की संभावना है
जुलाई में सामान्य से 24 प्रतिशत कम बारिश दर्ज
मानसून सक्रिय व बारिश रफ्तार बढ़ने की उम्मीद
24 घंटों में गुरदासपुर में 49.8 मिलीमीटर बारिश
चंडीगढ़।
मौसम विभाग ने पंजाब और चंडीगढ़ में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, अगले सात दिनों तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस वर्ष जुलाई में सामान्य से 24 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। हालांकि, अगस्त के पहले सप्ताह में मानसून के फिर से सक्रिय होने और बारिश की रफ्तार बढ़ने की उम्मीद है। बुधवार को भी पंजाब के कई जिलों में अच्छी बारिश हुई।
उमस भरी गर्मी से राहत मिली
वहीं गुरुवार सुबह से कई इलाकों में लगातार बारिश जारी है। लुधियाना के रायकोट में सुबह से तेज बारिश हो रही है, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। पिछले 24 घंटों के दौरान पंजाब के औसत अधिकतम तापमान में 1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
कई इलाकों में लगातार बारिश
आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट आ सकती है। 24 घंटों में गुरदासपुर में सबसे अधिक 49.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बठिंडा में 46 मिलीमीटर, चंडीगढ़ में 45.6 मिलीमीटर, मोहाली में 28.5 मिलीमीटर, फरीदकोट में 23 मिलीमीटर, अमृतसर में 17.6 मिलीमीटर, केवीके पठानकोट में 8.5 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।