पंजाब के गुरदासपुर में स्कूलों को मिली बम से उड़ाने की धमकी, स्कूल प्रबंधकों में मचा हड़कंप
धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आ गईं
दोनों स्कूलों में सुरक्षा बढ़ा दी गई और पुलिस को बुलाया
डॉग स्क्वॉड की मदद से स्कूल परिसर की गहन जांच की
कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं की
गुरदासपुर।
पंजाब के दो निजी स्कूलों को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है जिसके बाद स्कूल प्रशासन में हड़कंप मच गया है। स्कूल प्रबंधकों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी है। मिली जानकारी के मुताबिक पंजाब के जिला गुरदासपुर के दो निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। ईमेल मिलने के बाद दोनों स्कूलों में सुरक्षा बढ़ा दी गई और पुलिस को बुलाया गया। धमकी भेजने वाले की पहचान करने के लिए ईमेल की जांच की जा रही है।
स्कूलों में सुरक्षा बढ़ाई
धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद स्कूल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आ गईं। दरअसल एसएसपी आवास के पास स्थित लिटिल फ्लावर कॉन्वेंट स्कूल और बहरामपुर रोड स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल को धमकी भरा ईमेल भेजा गया था।
ईमेल की जांच जारी
पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। डॉग स्क्वॉड की मदद से स्कूल की गहन जांच की जा रही है। पुलिस ने दोनों स्कूलों के कमरों और आसपास के क्षेत्रों की तलाशी ली, लेकिन अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई है। इसके बावजूद पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच कर रही है।