इस हादसे में 19 साल के युवक की मौत, बाकी के 4 दोस्त गंभीर रूप से घायल
गुरलाल सिंह अपने दोस्तों के साथ स्माइल प्रीत का बर्थडे सेलिब्रेट करने निकला
हादसा भयावह था, गाड़ी के परखच्चे तक उड़ गए, ट्राला चालक मौके से फरार
सभी घायलों को इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है
तरनतारन
तरनतारन में दोस्त का बर्थडे मनाकर लौट रहे एक ही गांव के 5 दोस्तों की कार का एक्सीडेंट हो गया। इस हादसे में 19 साल के युवक की मौत हो गई, जिसकी पहचान गुरलाल सिंह के रूप में हुई है। जबकि बाकी के 4 दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उनका अस्पताल में ईलाज चल रहा है। घायलों की पहचान संदीप सिंह, हरप्रीत सिंह, राजदीप सिंह और स्माइल प्रीत सिंह के रूप में हुई है। गुरलाल सिंह अपने दोस्तों के साथ स्माइल प्रीत का बर्थडे सेलिब्रेट करने घर से निकला था।
अमृतसर के होटल में बर्थडे मनाने गए
देर रात 11 बजे जब स्विफ्ट कार से लौट रहे थे तो अमृतसर-बठिंडा हाईवे पर उनकी टक्कर एक ट्राले से हो गई। हादसा इतना भयावह था कि गाड़ी के परखच्चे तक उड़ गए। हादसे के बाद ट्राला चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। इस हादसे में गुरलाल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार में सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। जहां सभी का ईलाज चल रहा है।
बेहद गरीब परिवार से था गुरलाल
गुरलाल सिंह ने पिछले साल ही 12वीं कक्षा पास की थी और नौकरी की तलाश कर रहा था। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है तथा उसके पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। पुलिस ने बताया कि मृतक के परिजनों के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। फरार ट्राला चालक की तलाश की जा रही है और दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।