जगराओं में ज्वेलर्स की दुकान में तोड़फोड़ का मामला, डीजीपी से शिकायत के बाद डेढ़ साल में केस दर्ज
सिधवां बेट निवासी बलकार सिंह उर्फ लाडी और बलराज सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया
एसी, फ्रिज, इनवर्टर और सीसीटीवी को भी नुकसान पहुंचाया और दुकान का गेट तोड़ दिया
दुकान के काउंटर से सोने-चांदी के आभूषण और दुकान के बाहर रखा जनरेटर गायब मिला
जांच में सामने आया फुटेज के आधार पर किसी व्यक्ति के हाथ में हथियार दिखाई नहीं दिए
लुधियाना :
जगराओं में एक ज्वेलर्स की दुकान में तोड़फोड़, सामान बाहर फेंकने के आरोप में करीब डेढ़ साल बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई शिकायतकर्ता द्वारा पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) से न्याय की गुहार लगाने के बाद हुई। थाना सिधवां बेट पुलिस ने सिधवां बेट निवासी बलकार सिंह उर्फ लाडी और बलराज सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया है। थाना सिधवां बेट पुलिस ने जांच पूरी होने के बाद धारा 305, 331(3),324(4) BNS के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अन्य अज्ञात व्यक्तियों की भूमिका की जांच अभी जारी है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दुकान का सामान बाहर फेंका
थाना सिधवां बेट के एएसआई परमजीत सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता परवीन वर्मा, निवासी गांव भूंदड़ी, तहसील जगराओं, ने अपनी शिकायत में कहा कि सिधवां बेट में उसकी सुनार की दुकान है। आरोप है कि 20 फरवरी 2025 की सुबह करीब 10 बजे दुकान मालिक बलकार सिंह उर्फ लाडी, उसके भाई बलराज सिंह और 20-25 अन्य लोग दुकान में घुस आए। आरोपियों ने दुकान का काउंटर, सोफा और अन्य सामान बाहर फेंक दिया। उन्होंने एसी, फ्रिज, इनवर्टर और सीसीटीवी कैमरों को भी नुकसान पहुंचाया और दुकान का गेट तोड़ दिया।
आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज
परवीन वर्मा ने यह भी आरोप लगाया कि दुकान के काउंटर से सोने-चांदी के कीमती आभूषण और दुकान के बाहर रखा जनरेटर गायब मिला। शिकायतकर्ता के अनुसार, जब उसने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। परवीन वर्मा का दावा है कि यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। पुलिस ने शिकायत के साथ दी पेन ड्राइव और पांच रंगीन तस्वीरों की जांच की। जांच में सामने आया कि फुटेज के आधार पर किसी भी व्यक्ति के हाथ में हथियार दिखाई नहीं दिए। हालांकि पुलिस का कहना है कि यदि आगे की जांच में कोई नया तथ्य सामने आता है तो कानून अनुसार कार्रवाई की जाएगी।