PRTC-पनबस कर्मचारियों की हड़ताल जारी, पंजाब में थमे रहे 2200 बसों के पहिए
हड़ताल के कारण करीब 1,000 से 1,100 बस रूट प्रभावित
वहीं बस सेवा प्रभावित होने से यात्रियों को काफी परेशानी हुई
खासकर महिलाओं को ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ा
प्रदर्शन को देखते हुए मोहाली और चंडीगढ़ पुलिस अलर्ट पर
चंडीगढ़
पंजाब के लोगों को मंगलवार को सफर करते समय परेशानी का सामना करना पड़ा। PRTC और PUNBUS के कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारी की हड़ताल के चलते बड़ी संख्या में सरकारी बसों के पहिए थमे रहे। सड़कों पर केवल नाममात्र की बसें ही चलती नजर आईं। कर्मचारियों की हड़ताल के कारण पंजाब में 2,200 से ज्यादा सरकारी बसें सड़कों पर नहीं उतरीं। इससे करीब 1,000 से 1,100 बस रूट प्रभावित हुए। बस सेवा प्रभावित होने से यात्रियों को काफी परेशानी हुई। कर्मचारियों का कहना है कि एक दिन की हड़ताल से करीब 4 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। प्रदर्शन को देखते हुए मोहाली और चंडीगढ़ पुलिस को अलर्ट पर रखा गया।
बसें न चलने से विभाग को नुकसान
खासकर महिलाओं को ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ा, क्योंकि वे सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा सुविधा का लाभ उठाती हैं। विभाग के मुताबिक, उसके राजस्व का करीब 50 प्रतिशत हिस्सा महिलाओं की मुफ्त यात्रा के बदले सरकार से मिलने वाली सब्सिडी से आता है। बसें नहीं चलने से विभाग को नुकसान भी हुआ।
बस स्टैंड या हेल्प डेस्क से पता करें
प्राइवेट या दूसरे राज्यों की बसों का इस्तेमाल कर सकते हैं, लेकिन किराया पहले पूछ लें। पंजाब रोडवेज की नियमित कर्मचारियों वाली बसों की उपलब्धता बस स्टैंड या हेल्प डेस्क से पता करें। लंबी दूरी के सफर के लिए ट्रेन का विकल्प बेहतर हो सकता है। कैब या टैक्सी शेयर करके यात्रा का खर्च कम किया जा सकता है।
पूरी जानकारी लेकर बाहर निकले
शहर के भीतर सफर के लिए ऑटो या ई-रिक्शा का इस्तेमाल करें। बसों की संख्या कम होने के कारण भीड़ और इंतजार बढ़ सकता है, इसलिए घर से समय से पहले निकलें। चंडीगढ़ से सफर करने वाले यात्री CTU, हरियाणा रोडवेज और PRTC के कंट्रोल रूम से बसों की उपलब्धता की जानकारी लेकर ही निकलें।