NEET PG परीक्षा होगी और सख्त, आधार-बायोमीट्रिक से वैरिफिकेशन और CCTV से निगरानी
पेपर लीक के बाद अब NEET PG की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सुरक्षा और पारदर्शिता के लिए कई बड़े बदलाव किए
किसी आपात स्थिति से निपटने के लिए परीक्षा केंद्रों पर बैकअप व्यवस्था तैयार
परीक्षा 30 अगस्त 2026 को, करीब 2.73 लाख उम्मीदवारों ने रजिस्ट्रेशन कराया
नई दिल्ली
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने NEET PG 2026 परीक्षा को लेकर सुरक्षा और पारदर्शिता के लिए कई बड़े बदलाव किए हैं। परीक्षा 30 अगस्त 2026 को आयोजित होगी, जिसमें करीब 2.73 लाख उम्मीदवारों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। परीक्षा देशभर के 340 शहरों में करीब 1,300 केंद्रों पर होगी। NEET-UG में पेपर लीक के बाद अब NEET PG की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। इसके लिए NTA ने करीब 7.5 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया है। संवेदनशील स्थानों और NTA मुख्यालय पर 24 घंटे सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। तकनीकी खराबी या सर्वर से जुड़ी आपात स्थिति से निपटने के लिए परीक्षा केंद्रों पर बैकअप व्यवस्था रखी जाएगी।
आधार-बेस्ड वैरिफिकेशन
परीक्षा के दिन उम्मीदवारों का आधार आधारित वैरिफिकेशन और बायोमीट्रिक जांच होगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर 2 से 3 घंटे पहले पहुंचना होगा। अगर फिंगरप्रिंट मैच नहीं हुआ तो आईरिस स्कैन के जरिए पहचान की जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर 60 हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मियों की तैनाती, CCTV कैमरे, सिग्नल जैमर और स्वतंत्र पर्यवेक्षकों के जरिए निगरानी की जाएगी।
सेक्शन के हिसाब से पेपर
NEET PG परीक्षा की कुल अवधि 3 घंटे 30 मिनट यानी 210 मिनट होगी। पेपर को अलग-अलग सेक्शन में बांटा जाएगा। किसी सेक्शन को सबमिट करने या उसका समय खत्म होने के बाद उम्मीदवार दोबारा उस सेक्शन पर नहीं जा सकेंगे। हर सही जवाब के लिए 4 अंक मिलेंगे, जबकि गलत जवाब पर 1 अंक काटा जाएगा। बिना जवाब वाले प्रश्न के लिए कोई अंक नहीं मिलेगा।