जालंधर में तड़के-तड़के अवैध माइनिंग का पर्दाफाश करने पहुंचे चन्नी, बोले- रेत से भरे ट्रक हमें देखते ही भाग गए
माइनिंग की शिकायतों के बाद आज मौका देखने पहुंचे सांसद चन्नी
नकोदर के पास सतलुज किनारे हो रही अवैध माइनिंग को दिखाया
कहा-लोग समझ गए होंगे कि कैसे पंजाब में बेखौफ माइनिंग हो रही
दिन-रात माइनिंग हो रही लेकिन सरकार का इस तरफ ध्यान नहीं
जालंधर
जालंधर के सांसद चरणजीत सिंह चन्नी 4 अगस्त सुबह-सुबह नकोदर में अचानक अवैध माइनिंग करने का पर्दाफाश करने के लिए पहुंचे। चन्नी ने कांग्रेसी वर्करों के साथ नकोदर के पास सतलुज किनारे हो रही अवैध माइनिंग को दिखाया। चन्नी ने कहा देखो रात के अंधेरे से तड़के सुबह तक सतलुज के पास अवैध माइनिंग हो रही है।
रोड पर कई ट्रक रेत से भरे पड़े मिले
चन्नी ने वीडियो जारी करते कहा कि माइनिंग की शिकायतों के बाद आज मौका देखने पहुंचे थे। यहां रोड पर कई ट्रक रेत से भरे पाए गए। पीछे करीब 5 किलोमीटर तक नाके लगे होते हैं, लेकिन हमारे पहुंचते ही सभी ट्रक और मशीनें लेकर भाग गए। लोग समझ गए होंगे कि कैसे पंजाब में बेखौफ माइनिंग हो रही है।
माइनिंग की वजह से आ रही है बाढ़
वहीं चन्नी के साथ पहुंचे कांग्रेस वर्कर ने कहा कि उनके इलाके में दिन-रात माइनिंग हो रही है लेकिन सरकार का इस तरफ कोई ध्यान नहीं है। माइनिंग के कारण ही पिछली बरसात में नदी के किनारों से कटाव हुआ था और पानी उनके गांवों में घुस गया था। माइनिंग ही गांवों में आई बाढ़ का सबसे बड़ा कारण रही है।